पांवटा साहिब (सिरमौर)। वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान शुरू किया है। वीरवार को टीम ने पांवटा साहिब की यमुना बीट और भगानी में छापेमारी की। इस दौरान पांच वाहनों को अवैध खनन करते पकड़ा। इनके संचालकों से वन विभाग टीम ने 91000 रुपये जुर्माना वसूला है। अवैध खनन क्षेत्रों में छापेमारी से दिन भर अवैध खननकारियों में हड़कंप मचा है। उधर, डीएफओ पांवटा का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ पांवटा क्षेत्र में कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने दो टीमें गठित कर पांवटा साहिब और भगानी बीटों में छापेमारी की है। पांवटा क्षेत्र में बीओ सुमंत, वनरक्षक संदीप कुमार व वनकर्मी कीर्तन की टीम ने छापेमारी शुरू की। वहीं, दूसरी गठित भगानी टीम में बीओ सचिन, वनरक्षक धनवीर, ज्योति, बलबीर, मुद्दसिर व वनकर्मी सुंदर और किशन ने अवैध खनन स्थलों पर कार्रवाई की। दोनों टीमों ने अवैध खनन करते हुए 5 वाहनों को पकड़ा है। उधर, डीएफओ पांवटा साहिब कुनाल अंग्रीश ने पुष्टि की है।