थाना क्षेत्र रेणुका के अंतर्गत खालाक्यार पंचायत के कून क्यार गांव में वीरवार देर रात को जहरीला पदार्थ खाने से 5 पशुआें की मौत हो गई। जबकि पांच अन्य मवेशियों को उपचार के बाद बचा लिया गया। रेणुका पुलिस ने कून क्यार निवासी कमल देव की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेणुका थाना प्रभारी देवानंद गुलेरिया ने कहा कि कमल देव ने थाने में शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा कि उसके घर के आंगन में 10 पशु बंधे हुए थे। वीरवार देर शाम को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके पशुओं को जहरीला पदार्थ खिला दिया जिससे बारी-बारी से पांच पशुओं ने दम तोड़ दिया और पांच पशुओं की हालत खराब हो गई। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल रणौत ने मौके पर पहुंचकर पांच पशुओं का उपचार कर उन्हें बचा लिया। जबकि मृतक पांच पशुओं दो बैल, दो बछड़ी व एक बछड़े को पोस्टमार्टम के बाद दबा दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने कमल देव की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 429 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक पशुओं का पोस्टमार्टम कर बिसरे को जांच के लिए शिमला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी।