-अग्निशमन विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
-चित्रकला प्रतियोगिता में आयुषी ने पहला और ख्याति ने पाया दूसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। पाईनवुड हिल पब्लिक हाई स्कूल जमटा में अग्निशमन विभाग की ओर से अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आग से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के चंद्रवीर, रामदयाल शर्मा, विजय कुमार और चालक जोगिंदर सिंह ने विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्क रहने, सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने और प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने के उपायों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान एलपीजी सिलिंडर, बिजली के उपकरणों और अन्य घरेलू साधनों से लगने वाली आग के खतरों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि गैस लीक होने की स्थिति में क्या सावधानियां बरतनी चाहिए। आग लगने पर उसे कैसे नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही फ्रिज, प्रेस जैसे उपकरणों में स्पार्किंग से लगने वाली आग से निपटने के उपाय भी समझाए गए। अग्निशमन टीम ने उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया, जिसे देखकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।
इस दौरान विद्यार्थियों को आग बुझाने के सही तरीकों और सुरक्षा उपायों की बारीकियां भी सिखाई गईं। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए अग्नि सुरक्षा विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें कक्षा आठवीं की आयुषी ने प्रथम और कक्षा सातवीं की ख्याति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रधानाचार्य जगदीश ठाकुर ने विद्यालय प्रबंधन की ओर से अग्निशमन विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करते हैं। संवाद