शंभूवाला के कून के जंगलों में लगी आग। स्रोत : विभाग
-दमकल विभाग ने पाया काबू, लाखों की वन संपदा बचाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन के साथ लगते शंभूवाला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कून और विला राउंड के जंगल में बुधवार को आग भड़क उठी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान टीम ने एक उद्योग को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया। वहीं लाखों की वन संपदा को बचाया।
जानकारी के अनुसार दमकल विभाग को सूचना मिली कि कून के साथ लगते जंगल में आग लगी है। इस पर फायरमैन दीप राम, प्रशामक चंद्रवीर और चालक गृहरक्षक नरेश कुमार दोपहर 1:27 पर घटना स्थल के लिए रवाना हुए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने सायं 03:05 बजे आग पर काबू पाया। इस दौरान दमकल टीम ने जंगल के साथ लगते उद्योग को आग से बचाकर करीब 20 लाख रुपये का नुकसान होने से बचा लिया।
वहीं दूसरी ओर विला राउंड के साथ लगते जंगल में भी आग भड़क उठी, जिस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर काबू पाया। स्टेशन फायर ऑफिसर राम कुमार ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि समय पर आग को न बुझाया जाता तो बहुमूल्य पेड़ों सहित लाखों की सरकारी वन संपदा जलकर खाक हो जाती। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे जंगलों के पास जलती हुई बीड़ी-सिगरेट न फेंकें। न ही किसी तरह की लापरवाही बरतें, क्योंकि एक छोटी सी चिंगारी पूरे जंगल को राख कर सकती है।