-विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। धारटीधार क्षेत्र की जमटा वन रेंज में आग ने करीब 80 हेक्टेयर वन भूमि को अपनी चपेट में ले लिया। नावणी और आसपास के क्षेत्रों में इस आग से भारी नुकसान हुआ और पूरी रात लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। वन विभाग और फायर टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार तड़के करीब 4 बजे आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर बाद सतना खाले क्षेत्र में आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। क्षेत्र में चीड़ के जंगल होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और देर शाम तक नावणी के जंगलों से निकलकर रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने लगी। आग की लपटें और धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहे थे, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता था।
वन विभाग के कर्मचारी पूरी रात मौके पर डटे रहे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया। तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया। वन विभाग के अनुसार यह मुख्य रूप से ग्राउंड फायर थी, जिससे बड़े पेड़ों को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ, लेकिन झाड़ियों और प्लांटेशन को भारी क्षति पहुंची है।
आग बुझाने के अभियान में फॉरेस्ट गार्ड, फायर वॉचर, वन मित्र और फायर ब्रिगेड की टीम शामिल रही। इस दौरान कीर्ति कुमार, अनुज, सुखचैन, सचिन और नताशा सहित नावणी के ग्रामीण मौजूद रहे।
वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रेम सिंह कंवर ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शनिवार तड़के आग पर काबू पाया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि गर्मी के मौसम में घासनियों में आग न लगाए। आग की घटनाओं के दौरान विभाग का सहयोग करें। संवाद
जमटा वन रेंज में लगी आग। स्रोत: विभाग