-घरेलू सामान जलकर राख, लाखों के नुकसान का अनुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। रेणुका बांध परियोजना की आवासीय कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक सरकारी आवास में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की घटना में भवन के भीतर रखा फर्नीचर, घरेलू सामान, कपड़े और किताबें जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार संबंधित आवास पिछले करीब एक माह से बंद पड़ा हुआ था। इस भवन में परियोजना के एजीएम अरुण कपूर रहते थे, लेकिन तबादले के बाद से मकान खाली पड़ा था। भवन की चाबी एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पास बताई जा रही है।
आग लगने की सूचना मिलते ही बांध प्रबंधन ने तुरंत पानी के टैंकर मौके पर भेजे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके साथ ही नाहन से अग्निशमन विभाग का वाहन भी बुलाया गया। कर्मचारियों ने कमरे से कुछ ज्वलनशील सामान और फर्नीचर बाहर निकाल लिया, लेकिन इसके बावजूद काफी सामान आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया।
बताया जा रहा है कि आग से भवन को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पांच से छह लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। घटना की सूचना रेणुका पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
परियोजना के महाप्रबंधक अनूप शर्मा ने बताया कि लंबे समय से बंद पड़े आवासीय भवन में आग लगने से घरेलू सामान और भवन को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और पानी के टैंकरों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। संवाद
रेणुका बांध परियोजना की आवासीय कालोनी में आग से जला भवन में रखा सामान। संवाद