कालाअंब में उद्योग में लगी आग पर काबू पाते दमकल दस्ते। स्रोत जागरूक पाठक
समय रहते पाया आग पर काबू, बड़ा हादसा टला
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। रामपुर जट्टान में स्टील उद्योग में शनिवार को अचानक आग लग गई। इससे फैक्टरी में काम कर रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
शनिवार दोपहर के समय उद्योग में बने तेल के टैंक में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कर्मचारियों ने तुरंत फैक्टरी प्रबंधन को सूचित किया और इसके बाद कालाअंब अग्निशमन चौकी को खबर दी गई। मौके पर एक फायर टेंडर सहित अग्निशमन टीम पहुंची और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस दौरान तेल टैंक की मोटर, ब्लोअर और पैनल जलकर राख हो गए। कालाअंब फायर चौकी प्रभारी रमेश चंद ने बताया कि आग से लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि एक करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति बचा ली गई।