हादसे के बाद फूटा लोगों का गुस्सा, हाईवे पर लगाया आंशिक जाम
11 और 8 साल की बेटियां व छह माह का बेटा छोड़ गई पूनम
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब-शिलाई राष्ट्रीय राजमार्ग पर नारिवाला के पास वीरवार को सड़क हादसे में स्कूटी सवार 36 वर्षीय महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता की मौत हो गई। टक्कर के बाद कार स्कूटी समेत महिला को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। गंभीर रूप से घायल पूनम को स्थानीय लोगों ने सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने हाईवे पर आंशिक जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर यातायात बहाल करवाया।
मृतका की पहचान पूनम (36) पत्नी राजेंद्र सिंह, निवासी अजौली, पांवटा साहिब के रूप में हुई है। पूनम स्वास्थ्य विभाग में फीमेल हेल्थ वर्कर के पद पर अजौली में तैनात थीं। वीरवार को कुंडियों में स्वास्थ्य विभाग की बैठक थी। बैठक समाप्त होने के बाद पूनम अपनी स्कूटी पर घर लौट रही थी। इसी दौरान नारिवाला के पास पांवटा साहिब से राजबन की ओर जा रही एक कार ने टक्कर मार दी। पूनम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे 11 और 8 साल की दो बेटियां और छह माह का मासूम बेटा छोड़ गई हैं। एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।