राजगढ़, ददाहू और शिलाई अस्पतालों में लगाए जाएंगे जांच शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की केंद्र प्रायोजित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वृद्धजनों के लिए निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी का अभियान मानव कल्याण सेवा समिति चौपाल के माध्यम से चलाया जाना है। इस अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों में मोतियाबिंद की जांच के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा ने बताया कि यह जांच शिविर 16 अक्तूबर को नागरिक अस्पताल राजगढ़, 17 अक्तूबर को नागरिक अस्पताल ददाहू और 18 अक्तूबर को नागरिक अस्पताल शिलाई में आयोजित किए जा रहे हैं। 60 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिक इन शिविरों में आंखों की निशुल्क जांच करवा सकते हैं। मानव कल्याण सेवा समिति की ओर से मोतियाबिंद ग्रस्त पहचान किए गए वृद्धजनों की सर्जरी के लिए सूची को निदेशालय ईसोमसा के साथ साझा किया जाएगा।
संवाद