-शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे, लेकिन परीक्षार्थियों के लिए लागू नहीं होगा अवकाश आदेश
-30 जून से 19 जुलाई तक आपदा से 16.91 करोड़ का नुकसान, आठ लोगों की गई जान : उपायुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अत्यधिक वर्षा के रेड अलर्ट के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में घोषित अवकाश आदेश में जिला प्रशासन ने आंशिक संशोधन किया है। अब हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की निर्धारित परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी। जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने इस संबंध में संशोधित आदेश जारी किए हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से 20 और 21 जुलाई के लिए अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को एहतियात के तौर पर बंद रखने के आदेश दिए गए थे। इस बीच यह सामने आया कि एचपीयू की विभिन्न परीक्षाएं भी इसी अवधि में निर्धारित हैं और बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना है।
इसी को देखते हुए जिला दंडाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए एचपीयू की परीक्षाओं को अवकाश आदेश से अपवाद (एक्सेप्शन) प्रदान किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आयोजित होंगी, जबकि पहले जारी आदेश की अन्य सभी शर्तें यथावत लागू रहेंगी। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
-
इनसेट-1
20 दिनों में 16.91 करोड़ का नुकसान, आठ लोगों की मौत
नाहन। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि 30 जून से 19 जुलाई तक जिले में बारिश और आपदाओं के कारण विभिन्न विभागों को 16.91 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस अवधि में आठ लोगों की मौत हुई, जिनमें दो की मौत सांप के काटने, पांच की सड़क दुर्घटनाओं और एक व्यक्ति की अन्य कारणों से हुई।
इनसेट-2
जिले में तीन सड़कें बंद, नाहन में 57 मिमी बारिश दर्ज
नाहन। सोमवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुई बारिश शाम चार बजे तक जारी रही। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार नाहन मंडल की तीन सड़कें बंद हुई है। नाहन में सबसे अधिक 57 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण कालाअंब और नाहन क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। नाहन शहर की कई सड़कों और गलियों में भी पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के चलते मेडिकल कॉलेज परिसर में पानी के बीच गुजरते लोग। संवाद