पार्षद ने नगर परिषद पर मनमानी का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर के वार्ड नंबर आठ में विकास कार्य को लेकर नगर परिषद के पास बजट है। इसके बावजूद वार्ड में विकास कार्य नहीं हो रहा है। वार्ड नंबर आठ की पार्षद रितिका गर्ग ने नगर परिषद पर तानाशाही करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके वार्ड के लिए नगर परिषद के पास 2.88 लाख रुपये का बजट आ चुका है।
उन्होंने कहा दो माह से नगर परिषद के कार्यालय के चक्कर काटा जा रहा है। इसके बावजूद उनके वार्ड में बजट से काम नहीं हो रहा है। रितिका ने बताया कि इस बजट से रानीताल के इर्द-गिर्द खस्ताहाल सड़क का मरम्मत कार्य होना था। बाकी वार्ड में सड़क के काम हो रहे हैं। उनके वार्ड में लेटलतीफी की जा रही है।
क्या कहते हैं नगर परिषद के अधिकारी
इस बारे नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि वार्ड नंबर आठ का बजट आ चुका है। जल्द वार्ड में सड़क का काम शुरू किया जाएगा।