पहली बार अपना वोट देने वाले युवाओं में दिखा खासा उत्साह
युवा मतदाता बोले लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन कर उत्साहित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन। प्रचंड गर्मी के बीच वीरवार को मैदानी और दूरदराज के गांवों में लोकतंत्र के उत्सव में मतदाताओं की बढ़चढ़ कर भागीदारी देखने को मिली। सुबह होते ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने असर दिखाना शुरू कर दिया। बावजूद इसके पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए ग्रामीण इलाकों में मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें नजर आईं। दिन में लू चलने के कारण लोग कुछ परेशान दिखे लेकिन युवा मतदाताओं में काफी उत्साह नजर आया।
वोट करने का मेरा पहला अनुभव है। काफी सोच समझकर मताधिकार का उपयोग किया है। मताधिकार सभी का मौलिक अधिकार है इसे अन्य अधिकारों की तरह उपयोग करना चाहिए। खास कर हम युवा मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान करना जरूरी है।
-ओजस्वी
तीखी गर्मी के बीच गांवों में लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिल रहा है। सुबह सात बजे से ही लंबी कतार में खड़े हाेकर अपने मत डालने का इंतजार करते रहे। लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन कर हम काफी उत्साहित हैं।
-सोनाक्षी
मतदान के लिए अब हम अन्य मतदाताओं को भी प्रेरित करेगें। जो शहर व गांवों के विकास को लेकर गंभीर हो सभी के हित को लेकर स्वार्थ रहित ढंग से काम करें ऐसे प्रत्याशी को वोट दिया है।
-हाशि
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए ग्रामीण इलाकों में मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें नजर आईं। साफ तौर पर ये लोकतंत्र की मजबूती है।
-नितिन
मतदान को लेकर युवा मतदाताओं में काफी उत्साह है। ऐसे कई युवा साथी मतदाता हैं। जो पहली बार मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। मतदान करने से काफी खुशी हो रही है।
-आर्यन शर्मा
पहली मतदान कर अच्छा लग रहा है। मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान कर लोगों को लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था प्रकट करना चाहिए। हम सब अपने मताधिकार का उपयोग सोच समझकर करें।
-अंकित