जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का द्वितीय अधिवेशन रविवार को नाहन में आयोजित किया गया। अधिवेशन की अध्यक्षता जिला प्रधान बिजेंद्र सिंह कंवर ने की। महासंघ ने जिला प्रशासन और सरकार के समक्ष लंबित 4-9-14 का लाभ देने सहित एक दर्जन मांगों को शीघ्र पूरा करने का मुद्दा उठाया।
महासंघ ने जिला प्रशासन व सरकार के समक्ष अपनी मांग रखते हुए कहा कि लंबे समय से हजारों कर्मचारियों को 4-9-14 का वित्तीय लाभ नहीं मिल पा रहा। जिसे अविलंब जारी किया जाए। साथ ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति का मामला भी लंबे समय से लटका है। जिसका निवारण जल्द किया जाए। महासंघ ने मांग रखते हुए कहा कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मसलों को सुलझाने की बजाय लटकाया जा रहा है। यदि उनकी मांगे समय रहते पूरी नहीं की जाती हैं तो महासंघ इस पर कड़ा संज्ञान लेगा।
अधिवेशन को आयोजित करने में नाहन यूनिट के प्रधान सतेंद्र ठाकुर, महासचिव राकेश कुमार तथा उनकी कार्यकारिणी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बैठक में जिला की सभी 9 उप इकाइयों व विभागीय संगठनों के दर्जनों प्रतिनिधियों व पदाधिकारियों ने भाग लिया। अधिवेशन के दौरान महासंघ के महामंत्री नरवीर शर्मा ने उपस्थित कर्मचारियों, पदाधिकारियों व सदस्यों का स्वागत किया। साथ ही संघ के एजेंडे को पटल में रखा गया।
50 लाख की धनराशि उपलब्ध करने पर जताया आभार
सरकारी आवासों की दशा खस्ता बनी हुई है। महासंघ ने समय-समय पर अपनी मांगों में इसके लिए धनराशि देने की मांग उठाई थी। रविवार को बैठक में महासंघ के पदाधिकारियों ने सरकारी आवासों की मरम्मत व दशा सुधारने के लिए 50 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराने पर उपायुक्त बीसी बडालिया का आभार व्यक्त किया। साथ ही भवनों की मरम्मत को प्रांकलन बनाने के आदेश जारी करने की भी प्रशंसा की।
महासंघ के ये पदाधिकारी व सदस्य रहे मौजूद
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला इकाई के साधारण अधिवेशन में रविवार को राज्य कार्यकारिणी की ओर से उपप्रधान प्रदीप ठाकुर, सलाहकार विवेक ठाकुर, कमरऊ से भवान सिंह व प्रताप पुंडीर, सराहां से जगदीश शर्मा, विजय ठाकुर, नरेश परमार, राजगढ़ से रतन ठाकुर, रमेश तोमर, संगड़ाह से राजेंद्र चौहान, पांवटा से राम लाल शर्मा, प्रदीप ठाकुर, नौहराधार से जिया लाल कमल के अलावा विभागीय संगठनों से हेमंत शर्मा, संजीव तनेजा, राजेश तोमर, शानू, हरीश ठाकुर, विज्ञान अध्यापक संघ के महासचिव हरदेव ठाकुर, गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के प्रधान संजीव तनेजा, लोनिवि विभाग से राजेश शर्मा, सिंचाई विभाग के बीरबल शर्मा, वरिष्ठ कर्मचारी गीताराम तोमर आदि उपस्थित रहे।