-10-10 एमवीए के ट्रांसफार्मर हो रहे सब स्टेशन में स्थापित, पांच हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
-क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के साथ-साथ आसपास की औद्योगिक इकाइयों की विद्युत से जुड़ी दिक्कतें होंगी कम
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। क्षेत्र के बातामंडी, बहराल और पातलियों के बिजली उपभोक्ताओं के लिए सतीवाला में एक नया विद्युत सब स्टेशन बन रहा है। इस परियोजना पर करीब सात करोड़ रुपये की लागत आ रही है। क्षेत्र में बेहतर बिजली आपूर्ति की मांग लंबे समय से की जा रही है। गर्मियों में कई बार बिजली ट्रिपिंग से छोटी औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन का कार्य भी प्रभावित हो जाता है।
ग्राम बातामंडी, बहराल और सतीवाला के आसपास नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास की काफी संभावनाएं हैं। एक दर्जन छोटी-बड़ी इकाइयां पहले ही यहां स्थापित हो चुकी हैं। पूर्व प्रधान पातलियों दाता राम चौहान, गुरविंद्र सिंह, दयाल सिंह, ओम प्रकाश चौहान, प्रमोद सिंह व अवतार सिंह का कहना है कि क्षेत्र में नई इकाइयों को स्थापित करने के लिए बेहतर पानी, सड़कों और बिजली की सुविधाएं होना जरूरी है। इस समय क्षेत्र के लिए अभी तक बद्रीपुर सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति हो रही है। विस्तृत क्षेत्र होने पर गर्मियों में कई बार आपूर्ति में दिक्कतें होती हैं।
सतीवाला में नए प्रोजेक्ट के लिए राशि का प्रावधान होने पर राजस्व विभाग ने सतीवाला में योजना को चार बीघा भूमि भी चिह्नित कर बिजली बोर्ड के नाम कर दी थी। नए विद्युत सब स्टेशन में दस-दस एमवीए के सब स्टेशन तैयार हो रहे हैं। इससे सतीवाला, बहराल, बातामंडी पातलियों, सूरजपुर और भाटांवाली पंचायत के उपभोक्ताओं तथा औद्योगिक इकाइयों को सुविधा मिल सकेगी।
-
अगस्त माह तक तैयार जाएगी योजना : अंशुल ठाकुर
बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता पांवटा साहिब अंशुल ठाकुर व सहायक अभियंता अंकुल शर्मा ने बताया कि करीब सात करोड़ बजट से सतीवाला में बिजली सब स्टेशन निर्माणाधीन है। अगस्त 2026 तक योजना तैयार हो जाएगी। इससे पांच हजार से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं और औद्योगिक इकाइयों को अलग बिजली सुविधा मिलेगी।
संवाद