कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और इससे सटे अनेकों ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कट लगने की वजह से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कालाअंब में पावर कटों की वजह से उद्योगों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में पावर कट ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी है।
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब व इसके आसपास के क्षेत्रों त्रिलोकपुर, खैरी, ओगकी, मेनथापाल, मोगीनंद व नागल सकेती में अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। आए दिन लगने वाले छोटे-बड़े पावर कटों ने आम जनता को परेशान कर दिया है। इस संदर्भ में ‘अमर उजाला’ ने इलाके के लोगों से बात की। लोगों ने यह समस्या खुलकर सामने रखी।
तरसेम का कहना है कि पावर कटों के कारण छोटे व्यवसायियों का कारोबार चौपट हो रहा है। किराये की दुकानों में रोजी-रोटी चलाना मुश्किल हो रहा है। विद्युत बोर्ड नियमित व सुचारु विद्युत आपूर्ति करने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है।
तेज राम के अनुसार क्षेत्र में लौ वोल्टेज की समस्या भी लगातार बनी हुई है। यदि बोर्ड ने बिजली की आपूर्ति नियमित नहीं की तो लोग आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएंगे। राजवीर का कहना है कि बिजली के कटों के कारण गर्मियों में सबसे अधिक दिक्कत रहती है। वहीं, लोगों के उद्योग धंधे भी प्रभावित हो रहे हैं। युवा कांग्रेस के प्रधान सुभाष ने बताया कि कालाअंब और इससे सटे ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर पावर कट लगते रहते हैं जिस वजह से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गर्मी में कट लगने से लोग पसीना-पसीना हो जाते हैं।
कर्मदीप के अनुसार पावर कट से कालाअंब इलाके के उद्योगों का उत्पादन ठप हो रहा है। रोजाना लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। लिहाजा, इस दिशा में बिजली बोर्ड को ठोस योजना बनाने की जरूरत है।
उधर, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता जेसी अत्री ने बताया कि शेड्यूल के हिसाब से ही कट लग रहे हैं। कालाअंब स्थित 132केवी सब स्टेशन में तकनीकी कार्यों एवं मरम्मत के लिए कट लगाए जाते हैं।