ददाहू (सिरमौर)। विद्युत उपमंडल ददाहू के अंतर्गत लगाए जा रहे अघोषित कटों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। यहां एक दिन में 20 से अधिक कट लगाए जा रहे हैं। बिजली के अघोषित कट जहां छोटे कारोबारियों पर भारी पड़ गए हैं वहीं तहसील, अस्पताल, बैंक, डाकघर आदि कार्यालयों के कामकाज पर भी बुरा प्रभाव डाल रहे हैं। एक बार बिजली जाने पर यहां काफी देर तक बिजली नहीं आती। बिजली के बार-बार जाने से सैनधार और धारटीधार में बनी पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
बिजली की समस्या से परेशान ददाहू पंचायत के प्रधान पंकज गर्ग ने बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन के जरिए पंचायत प्रधान ने बिजली की समस्या का समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिजली के बार-बार जाने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। बिजली जाने का सीधा असर छोटे कारोबारियों और कार्यालयों के कामकाज पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाएं भी इससे प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या से लोगों को अविलंब निजात दिलाई जाए।
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता राहुल राणा ने कहा कि ददाहू में बिजली की व्यवस्था का ठोस समाधान किया जा रहा है जिसमें करीब एक सप्ताह का समय लगेगा। नाहन की पेयजल योजना के लिए अलग से सब स्टेशन की व्यवस्था की गई है, लेकिन उसे अभी तक चालू नहीं किया जा सका। नाहन की पेयजल योजना को ददाहू की बजाय सीधे गिरि नगर से जोड़ा जाएगा जिसके बाद यह समस्या हल हो सकेगी।
-