-परीक्षाओं के समय में छात्रों सहित स्टाफ को झेलनी पड़ रही परेशानी
-प्रधानाचार्य ने उपायुक्त सिरमौर सहित बिजली बोर्ड से की शिकायत
-प्रीपेड़ होने के चलते कटी बिजली : बोर्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन के जुड्डा का जोहड़ में स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में तीन दिन से बिजली गुल है। विद्यालय प्रबंधन, बिजली बोर्ड से गुहार लगा चुका है, लेकिन विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पा रही है। मामले में प्रबंधन ने उपायुक्त सिरमौर सहित बिजली बोर्ड के अधिकारियों को शिकायत की है।
शिकायत में प्रधानाचार्य जेपी बलोदी ने बताया कि विद्यालय भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अधीन संचालित पूर्णतः सह-शैक्षिक एवं आवासीय संस्थान है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में 560 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 100 स्टाफ सदस्य (परिवार सहित) तथा जवाहर नवोदय विद्यालय लाहौल-स्पीति से व्यवस्था के अंतर्गत आए बोर्ड कक्षाओं के 65 विद्यार्थी एवं 15 स्टाफ सदस्य भी विद्यालय परिसर में निवासरत हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यालय की तरफ से समस्त विद्युत बिलों का भुगतान समय-समय पर नियमित रूप से किया जा रहा है। बावजूद इसके बिना किसी पूर्व सूचना के 21 फरवरी 2026 बोर्ड ने विद्यालय के छात्रावासों की विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी है। इसके कारण विशेष रूप से बोर्ड परीक्षार्थियों के पठन-पाठन की व्यवस्था प्रभावित हुई तथा विद्यालय परिसर में अनावश्यक असुविधा एवं अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
उन्होंने बताया कि यहां 11 के करीब छात्रावास हैं। अलग-अलग समय पर बिजली गुल की जा रही है। उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर बोर्ड के अधिकारियों को अवगत करवाया गया है कि एक सदन की विद्युत व्यवस्था बहाल की गई है, लेकिन अन्य सदनों में आपूर्ति बंद पड़ी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में 40 से अधिक मीटर लगे हुए हैं। अधिकतर मीटरों से आपूर्ति बंद है। यही हाल रहा तो समस्या बढ़ जाएगी। तीन दिनों से बच्चे बिना बिजली के अपने काम निपटा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग उठाई है कि इस समस्या का समाधान किया जाए।
प्रीपेड होने के चलते आपूर्ति हुई बंद : एसई
उधर, विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार सभी सरकारी विभागों के बिजली मीटरों को प्रीपेड किया जा रहा है। इसको लेकर 27 जनवरी को उपायुक्त सिरमौर को भी पत्र लिखकर अवगत करवाया गया था। पत्र में जिले के सभी विभागों के प्रमुखों को उचित दिशा-निर्देश दिए जाने को लेकर भी अपील की गई थी। मीटर के प्रीपेड होने के चलते स्वत: बिजली कटी है। मामला संज्ञान में आते ही विद्युत बोर्ड के आईटी सेल को ई-मेल पर स्कूल राहत प्रदान करने को लेकर गुहार लगाई गई है ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। एक अन्य बनकला स्कूल की भी बिजली कटने की जानकारी मिली है। स्कूल की तरफ से पैसे जमा करवा दिए गए हैं। इसके बाद आपूर्ति बहाल हो गई है।
संवाद
जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन में बिजली कटने के बाद अंधेरे में पढ़ाई करते छात्र। स्रोत स्कूल
जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन में बिजली कटने के बाद अंधेरे में पढ़ाई करते छात्र। स्रोत स्कूल