ददाहू में भूमि मालिकों के ई-केवाईसी करते पटवारी।संवाद
ददाहू में 80 फीसदी पूर्ण हुआ ई-केवाईसी का कार्य
सिरमौर जिले में ददाहू तहसील का दूसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। राजस्व विभाग की ओर से जमीनों की ई-केवाईसी का कार्य प्रगति पर है। ददाहू तहसील के अंतर्गत ई-केवाईसी के कार्य को 80 फीसदी तक पूर्ण कर लिया गया है। इसको लेकर ई-केवाईसी के मामलों में ददाहू तहसील जिले में दूसरे स्थान पर है। जबकि पहला स्थान कमरऊ तहसील बताया गया है जहां 94 फीसदी कार्य को पूर्ण कर लिया गया है।
ददाहू तहसील के अंतर्गत 23 पंचायतों के 11 पटवार वृत्तों में यह प्रक्रिया जोरों पर चल रही है। पटवारी अवकाश के दिन भी इस कार्य में जुटे हुए हैं। राजस्व विभाग ने शतप्रतिशत ई-केवाईसी का लक्ष्य रखा है जिससे कि भविष्य में लोगों को इस ई-केवाईसी का लाभ मिल सके। ई-केवाईसी के अंतर्गत लोगों के आधार कार्ड व मोबाइल नंबर को जमाबंदी के साथ जोड़ा जा रहा है जिससे कि लोगों को अपनी जमाबंदी व खसरा नंबर आदि की जानकारी अपने मोबाइल पर ही उपलब्ध होगी और लोग अपनी जमाबंदी को स्वयं ही निकाल सकेंगे जिसे उन्हें घर बैठे सुविधा मिल सकेगी।
तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर ने बताया कि सोमवार देर शाम तक ई -केवाईसी के 80 फीसदी कार्य को पूर्ण कर लिया गया है। पटवार घरों में यह प्रक्रिया जोर शोर से चली हुई है। उन्होंने शेष बचे सभी लोगों को अपनी ई-केवाईसी तुरंत करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी हल्का के पटवारी अपने कार्यालय में मौजूद हैं। अपने पटवारी से संपर्क करके लोग ई-केवाईसी को जल्द करवा लें जिससे वे इससे मिलने वाले लाभों से वंचित न रहें।
संवाद