भीम आर्मी एकता मिशन ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का नाहन में फूंका पुतला
बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर पर टिप्पणी करने का जताया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने पर भीम आर्मी एकता मिशन की सिरमौर इकाई की ओर से सोमवार को बस अड्डा परिसर नाहन में केंद्रीय मंत्री अमित शाह का पुतला फूंका गया। इस दौरान अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
बस अड्डा परिसर में संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेड़कर की प्रतिमा के पास भीम आर्मी एकता मिशन सिरमौर के कार्यकर्ता उपस्थित हुए। इसके बाद उन्होंने यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका और अपना रोष जाहिर किया।
इस दौरान भीम आर्मी से सुरेंद्र धर्मा, धनीराम, रमेश, बलबीर, नरेश, यशपाल, केदार सिंह, प्रदीप आदि ने कहा कि अगर अमित शाह अपने दिए बयान पर माफी नहीं मांगते तो भीम आर्मी देश भर में उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि देश के केंद्रीय मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर पर टिप्पणी कर उनका अपमान किया है और इसके पश्चात पत्रकार वार्ता में भी उन्होंने माफी न मांगते हुए अपनी बात से पल्ला झाड़ा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अमित शाह अगर माफी नहीं मांगते तो भीम आर्मी एकता मिशन देश भर में केंद्रीय मंत्री अमित शाह के खिलाफ जन आंदोलन चलाएगी।
उन्होंने कहा कि आज नाहन के बस अड्डा में केंद्रीय मंत्री अमित शाह का पुतला फूंका गया है और इसके पश्चात उपायुक्त की मार्फत राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि अमित शाह अपने बयान पर माफी मांगे।