भरली आंजभोज कॉलेज में एनएसएस शिविरके समापन पर स्वयंसेवी और कॉलेज स्टाफ। स्रोत : कॉलेज
भरली कॉलेज में सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला/नघेता (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय भरली में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वाधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर संपन्न हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रितु पंत ने की। जबकि मुख्यातिथि भरली पंचायत की प्रधान रीना देवी रहीं। तनिष्का चौहान और कमल तोमर को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी चुना गया।
नॉट मी बट यू के संदेश के साथ आयोजित इस शिविर में स्वयंसेवियों ने सामुदायिक विकास और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी की। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने महाविद्यालय और आसपास के क्षेत्र में विभिन्न श्रमदान गतिविधियों में भाग लिया। इसमें स्वच्छता अभियान, परिसर की सफाई, पर्यावरण जागरूकता, बौद्धिक एवं जागरूकता सत्र, नैतिक मूल्य और नशा विरोधी अभियान आदि गतिविधियां शामिल रहीं। इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करना और उन्हें ग्रामीण जीवन से जोड़ना था।
कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर सुनील शर्मा ने सात दिवसीय शिविर की विस्तृत रिपोर्ट और गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसमें सोलो सोंग, सोलो डांस और पहाड़ी लोक नृत्य इत्यादि शामिल थे। इस अवसर पर प्रोफेसर टीएस चौहान, प्रोफेसर रेखा शर्मा, पीटीए प्रधान रूप सिंह, अंजना कुमारी, नमित कपूर, सोनम कुमारी और स्वयंसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
संवाद