निजी बस ऑपरेटर यूनियन ने सफाई व्यवस्था सुधारने की उठाई मांग
सफाई ठेकेदार बोला, नगर परिषद की ओर से भुगतान न करने से हो रही समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। स्थानीय बस स्टैंड पर कचरे से कूड़ेदान लबालब भरे हैं। नियमित सफाई व्यवस्था न होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। सिरमौर निजी बस ऑपरेटर संघ ने बस स्टैंड में सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
सिरमौर निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रधान बलविंदर सिंह पुरेवाल और महासचिव अखिल शर्मा ने कहा कि दूसरे राज्योंं और जिलों से हजारों यात्री रोज पांवटा आते हैं। अड्डा परिसर में सफाई व्यवस्था पटरी से उतर रही है। इसके चलते सरकारी और निजी बसों से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी सफाई नहीं की जा रही है। पड़ोसी राज्यों उतर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा से रोज हजारों यात्री बसों से यहां आते हैं। इससे दिन भर यहां पर लोगों की आवाजाही रहती है। इसके चलते बस स्टैंड के आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए। सफाई नहीं हो पाने के कारण यात्रियों के साथ स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कचरे का नियमित रूप से नहीं उठाने के कारण दुर्गंध आती है। यहां की सफाई व्यवस्था बेहतरीन होनी चाहिए। नियमित सफाई के लिए सफाई ठेकेदार से कई बार शिकायतें की गई हैं। फिर भी व्यवस्था नहीं सुधारी गई।
बस अड्डा परिसर में नियमित हो रही सफाई
बस अड्डा में नियमित सफाई की जा रही है। कूड़ा डस्टबिन में डाल दिया जाता है। नगर परिषद के कूड़ा ले जाने वाले वाहन को भुगतान लंबित होने से दिक्कतें आ रही हैं।
मनोज तिवारी, सफाई ठेकेदार, बस अड्डा परिसर
70 हजार का भुगतान लंबित
नगर परिषद पांवटा के सफाई पर्यवेक्षक सुशील कुमार का कहना है कि मार्च 2021 से कूड़ा उठाने पर भी करीब 70 हजार रुपये की राशि का भुगतान नहीं किया है। कई बार निगम को पत्र लिखे जा चुके हैं। फिर भी नगर परिषद के वाहन से कूड़ा उठाकर सहयोग किया जा रहा है।