संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अगर आपके वाहन की पासिंग खत्म हो चुकी है या आप ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट का इंतजार कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। क्षेत्रीय परिवहन विभाग सिरमौर ने जून 2026 के लिए जिलेभर का पासिंग और टेस्ट शेड्यूल जारी कर दिया है। आरटीओ सोना चंदेल की ओर से जारी इस शेड्यूल के जरिए विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर विभाग की पैनी नजर रहेगी। इस बार विभाग ने विशेष रूप से पांवटा साहिब जैसे व्यस्त क्षेत्रों के लिए अलग से व्यवस्था की है ताकि लोगों को लंबी लाइनों में न जूझना पड़े।
आरटीओ सोना चंदेल के निर्देशानुसार जारी इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिलावासियों को उनके घर के नजदीक सुविधा प्रदान करना और बिना वैध दस्तावेजों व टेस्ट के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर नकेल कसना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी टेस्ट निर्धारित तिथियों पर सुबह से ही शुरू हो जाएंगे। इस दौरान मोटर वाहन निरीक्षक विजय चौहान विशेष रूप से तैनात रहेंगे।
शेड्यूल के अनुसार मुख्यालय नाहन में 5 और 24 जून को वाहनों की पासिंग होगी। जबकि 6 और 23 जून को ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट होंगे। राजगढ़ में 22 जून को वाहनों की पासिंग और इसी दिन ड्राइविंग टेस्ट भी होंगे। शिलाई में 3 जून को दोपहर बाद वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। कफोटा में 3 जून को सुबह के समय वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट होगे। इसके अलावा संगड़ाह में 20 जून और सराहां में 12 जून को वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट होंगे।
पांवटा साहिब में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए विभाग ने शेड्यूल को विभाजित किया है। पांवटा साहिब में 8 और 25 जून को केवल निजी वाहनों और स्कूल बसों की पासिंग होगी, जबकि 9 और 27 जून का दिन केवल व्यावसायिक वाहनों के लिए सुरक्षित रखा गया है। पांवटा साहिब में 10 जून और 30 जून का दिन ड्राइविंग टेस्ट के लिए रखा गया है।
बाक्स
जनता की सुविधा के लिए हमने पूरे जिले का रूट प्लान तैयार किया है। लोग समय पर पहुंच कर अपने वाहनों की पासिंग करवाएं और ड्राइविंग टेस्ट दें। बिना वैध पासिंग और लाइसेंस के वाहन चलाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक है।
- सोना चंदेल, आरटीओ सिरमौर
-संवाद