-नाहन, पांवटा, राजगढ़, संगड़ाह, शिलाई समेत सभी केंद्रों की तिथियां घोषित, समय पर पहुंचने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। परिवहन विभाग ने सिरमौर में अगस्त 2026 के दौरान होने वाले वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) सिरमौर सोना चंदेल ने बताया कि पूरे महीने मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) इंजीनियर विजय चौहान जिले के विभिन्न केंद्रों पर वाहन पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया संपन्न करेंगे।
आरटीओ के अनुसार नाहन में वाहनों की पासिंग 6 और 25 अगस्त को होगी, जबकि ड्राइविंग टेस्ट 7 और 24 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे। पांवटा साहिब में 11 अगस्त को केवल निजी वाहनों एवं स्कूल बसों की पासिंग होगी। 12 अगस्त को केवल व्यावसायिक वाहनों की पासिंग की जाएगी, जबकि 26 अगस्त को सभी प्रकार के वाहनों की पासिंग होगी। यहां ड्राइविंग टेस्ट 13 और 27 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे।
राजगढ़ में 4 अगस्त को ही वाहन पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट दोनों आयोजित होंगे। 18 अगस्त को कफोटा में पूर्वाह्न (दोपहर से पहले) तथा शिलाई में अपराह्न (दोपहर के बाद) वाहन पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संगड़ाह में यह दोनों कार्य 20 अगस्त तथा सराहां में 22 अगस्त को संपन्न होंगे।
आरटीओ सोना चंदेल ने वाहन मालिकों और ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदकों से निर्धारित तिथियों और समय के अनुसार संबंधित केंद्रों पर पहुंचने की अपील की है, ताकि पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।-