दो वर्ष से खाली पड़ा था पद, प्रतिनियुक्ति पर चल रही थीं स्वास्थ्य सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानगढ़ में नियमित चिकित्सक की तैनाती हुई है। यहां पर प्रतिनियुक्ति के सहारे काम चलाया जा रहा था। चिकित्सक की तैनाती से लोगों ने राहत की सांस ली है। अब उन्हें नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं मिलेंगी।
दरअसल, बीते दो वर्ष से मानगढ़ पीएचसी में चिकित्सक का पद रिक्त चल रहा था। महीने में कुछ दिन प्रतिनियुक्ति पर अन्य स्वास्थ्य संस्थानों से यहां चिकित्सक भेजा रहा था। ऐसे में लोगों को उपचार के लिए कई मर्तबा बागथन या सराहां जाना पड़ रहा था।
गौरतलब है कि मानगढ़ पीएचसी के तहत धारटिक्करी, वासनी और मानगढ़ पंचायतों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य लाभ की सुविधा मिलती है। स्थानीय निवासी सुभाष शर्मा, रमेश, राजेश, भूपेंद्र, चक्रधर भंडारी, भीम सिंह व रजनीश ने पीएचसी में चिकित्सक की नियमित तैनाती पर विभाग और सरकार का आभार जताया है।
बीएमओ डॉ. पुनीत शर्मा ने बताया कि पीएचसी मानगढ़ में चिकित्सक की तैनाती हुई है। वहीं अब एक फार्मासिस्ट भी वहां नियमित रूप से सेवाएं देगा।
-संवाद