कोली समाज की जिला कार्यकारिणी के चुनावों पर किया मंथन
कइयों सदस्यों ने प्रतिनिधि के माध्यम से तो किसी ने पूर्व की भांति चुनाव पर दिया जोर
नाहन खंड के 24 को और 15 अक्तूबर को जिले के होंगे चुनाव : संजय पुंडीर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश कोली समाज की जिला कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर प्रताप सामुदायिक भवन नाहन में बुलाई गई कोली समाज सिरमौर कार्यकारिणी की बैठक में चुनावों को लेकर गहन मंथन हुआ।
बैठक में कई सदस्य प्रतिनिधि के जरिए तो कई सदस्य सीधे चुनाव करवाने पर अड़े रहे। चुनाव को लेकर अलग-अलग विचारधारा के बावजूद सभी ने प्यार मोहब्बत से चुनाव करवाने पर बल दिया।
बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सरवण कुमार ने की। बैठक में चुनाव की तारीख और स्थान को लेकर गहन मंथन हुआ। कई सदस्यों ने चुनाव इसी महीने करवाने पर जोर दिया। जबकि पदाधिकारी प्रदेश स्तर पर हुई बैठक का हवाला देकर 15 अक्तूबर तक चुनाव करवाने की बात कही। इससे कई सदस्य सहमत नजर नहीं आए।
ढाकवाली से आए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी कश्मीर चंद ने संघ के संविधान के अनुसार चुनाव करवाने पर बल दिया। सरवण कुमार ने नाहन ग्रामीण के तीन ब्लॉक बनाने प्रतिनिधि (डेलीगेट) के माध्यम से चुनाव करवाने की बात कही।
राजकुमार ने पूर्व की भांति संख्या बल पर चुनाव करवाने की बात कही। जीत सिंह ने ब्लॉक, महिला, पुरुष और युवा विंग तैयार करके चुनाव करवाने को कहा। उन्होंने ऐसे व्यक्ति को प्रधान चुनने पर बल दिया जो समाज को 24 घंटे का समय दे सके।
बलबीर ने बिना किसी कलह के चुनाव करने की बात कही। विनीत चौहान और दीप चंद ने सीधे इलेक्शन करवाने पर जोर दिया। अन्य सदस्यों ने भी अपनी बात रखी। इस पर जिला प्रधान ने नाहन खंड के चुनाव 24 सितंबर को करवाने और जिला कार्यकारिणी के चुनाव 15 अक्तूबर को करवाने का फैसला सुनाया।
इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जाहिर की। बहरहाल जिला प्रधान संजय पुंडीर ने पुरजोर ढंग से जिले के चुनाव 15 अक्तूबर को ही करवाने की बात कही।
इस मौके पर अशोक तोमर, आरके चौहान, राजेश कश्यप, दीपचंद, बाबू राम, प्रदीप चौहान, मुकेश, जीत सिंह समेत कई सदस्य मौजूद रहे। संवाद