(विकास की बात)-
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही ऐतिहासिक तीर्थ स्थल की सड़क
16 किलोमीटर सड़क की टारिंग होने से श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
संजय कंवर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। श्री रेणुका जी को जोड़ने वाली धौलाकुआं-बायला सड़क का कायापलट होने का कार्य शुरू हो गया है। करीब दस करोड़ बजट से इस मार्ग की टारिंग का कार्य होना है। करीब 16 किलोमीटर सड़क के पक्का होने से ऐतिहासिक तीर्थ स्थल श्री रेणुका जी जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
बता दें कि ऐतिहासिक तीर्थ स्थल श्री रेणुका जी को जोड़ने वाली धौलाकुआं-बायला सड़क बहुत ही खस्ताहाल थी। ऐसे में क्षेत्र के लोगों सहित श्री रेणुका जी जाने वाले तीर्थ यात्रियों को बहुत ही परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र के लोगों ने सड़क को पक्का करने के लिए कई बार आवाज बुलंद की। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क की डीपीआर तैयार कर सरकार को स्वीकृति के लिए भेजा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली। योजना का दस करोड़ का टेंडर लगा। इसमें धौलाकुआं से बायला तक करीब 16 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य कंस्ट्रक्शन गैलरी कंपनी को मिला। कंस्ट्रक्शन गैलरी कंपनी ने सड़क का पक्का करने का कार्य शुरू कर दिया है।
स्थानीय क्षेत्र निवासी रामेश्वर शर्मा, सतपाल सिंह, वीरपाल सिंह, अनूप कुमार और जयपाल सिंह ने बताया कि लंबे समय से इस मार्ग की दशा नहीं सुधारी जा रही थी। अब बजट प्रावधान के बाद कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। धारटीधार क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। इस सड़क के पक्का होने से ऐतिहासिक तीर्थ स्थल श्री रेणुका जी जाने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से गंतव्य स्थल तक पहुंचने में आसानी रहेगी।
लोक निर्माण विभाग पांवटा साहिब के अधिशासी अभियंता दलीप तोमर ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि धौलाकुआं-बायला सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर लगाया गया है। संबंधित कंपनी ने सड़क पक्का करने का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है।
संवाद
...