38 किलोमीटर सड़क का पीएमजीएसवाई के तहत हो रहा जीर्णोद्धार
सड़क को 38 करोड़ रुपये खर्च कर बनाया जा रहा चकाचक
देवराज शर्मा
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद की 12 से अधिक पंचायतों को लाभान्वित करने वाली धरयार-नारग-मरयोग सड़क की तस्वीर जल्द बदलेगी। 38 किलोमीटर लंबी इस सड़क का प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चौड़ीकरण और टारिंग का कार्य किया किया जा रहा है। इस योजना पर 38 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
दरअसल, पहले चरण में सड़क के सात किलोमीटर के हिस्से को पक्का करने के साथ-साथ चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन पिछले कुछ समय से कार्य कछुआ गति से चल रहा था। इस समस्या को लेकर अखबार में 16 नवंबर को ‘सड़क का कार्य धीमा होने पर भड़के लोग’ शीर्षक से प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद विभाग हरकत में आया और निर्माण कार्य तेज गति से शुरू किया है। सड़क पर जहां मलबा हटाया जा रहा है वहीं टारिंग का काम भी शुरू हो गया।
गौरतलब है कि विभाग की ओर से पहले चरण में सात किलोमीटर सड़क को चकाचक किया जा रहा है। टारिंग के अलावा सड़क में पुलिया, डंगा, पक्की नालियों का निर्माण भी किया जा रहा है। धरयार से मड़ीघाट तक सड़क को पूरी तरह से तैयार किया जा रहा है, जबकि सड़क को चौड़ा करने का कार्य, डंगा और पुलिया निर्माण का कार्य नारग तक कर दिया गया है।
बता दें कि यह सड़क दाड़ो देवरिया, नारग, महलोग लाल टिक्कर, शाड़या, वासनी, चमेंजी, कोटला पंजोला, सिरमौरी मंदिर और बागपशोग समेत 12 से अधिक पंचायतों के लोगों को लाभान्वित करती है। नारग पंचायत के पूर्व प्रधान विद्यादत्त शर्मा, लाल टिक्कर पंचायत प्रधान प्रेमपाल ठाकुर, सिरमौरी मंदिर पंचायत के पूर्व प्रधान मोती सिंह, नरेश शर्मा और राम शर्मा आदि ने सड़क का कार्य फिर से तेज गति से शुरू करने पर विभाग का आभार जताया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दलीप सिंह कौंडल ने बताया कि पहले चरण में सात किलोमीटर सड़क पर टारिंग और अन्य कार्य शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिन-जिन जगहों पर सोलिंग, वीरिंग और वाइंडिंग हो चुकी है वहां पर भी काम शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा।
संवाद
पच्छाद की धरयार-नारग-मरयोग सड़क टाॅरिंग के कार्य में जुटे कामगार। संवाद