पांवटा साहिब-शिलाई एनएच पर बड़वास के समीप हुए भूस्खलन स्थल पर ग्रामीणों से बातचीत करते उपायुक्त ?
- फोटो : NAHAN
सतौन (सिरमौर)। एनएच-707 पांवटा-शिलाई में 14 दिन बाद उपायुक्त वीरवार को काली ढांक पहुंचे। मंगलवार को मार्ग में बड़वास के समीप बंद सड़क के निर्माण कार्य को ग्रामीणों ने बंद करवाया था। इसे वीरवार को उपायुक्त ने मौके पर जाकर खुलवा दिया है।
इस मौके पर एसपी सिरमौर, एसडीएम पांवटा, पूर्व विधायक बलदेव तोमर विशेष तौर पर मौजूद थे। गौरतलब हो कि 30 जुलाई को एनएच 707 पांवटा शिलाई राष्ट्रीय राजमार्ग बड़वास के समीप काली ढांक में भूस्खलन के कारण बंद हो गया था। शिलाई क्षेत्र और शिमला के 100 से ज्यादा गांव पांवटा से कटे हुए हैं। इन्हें खोलने का कार्य चल रहा है। लेकिन अवैध डंपिंग और मुआवजे को लेकर बड़वास के ग्रामीणों ने मंगलवार शाम को सड़क निर्माण का कार्य बंद करवा दिया।
ग्रामीणों के अनुसार विभाग को दी गई जमीन के अलावा उनकी ज्यादा जमीन सड़क की कटिंग और डंपिंग में बर्बाद हो रही है। इसका उन्हें मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। वीरवार को पहले मौके पर एसडीएम पांवटा पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों से सड़क के कार्य को खोलने का आग्रह किया। उपायुक्त ने कार्य कर रही कंपनी को निर्देश दिए कि डंपिंग साइट पर क्रेट वायर लगाए जाएं।