आज के कार्यक्रम की खबर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/कालाअंब (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड धगेड़ा की तरफ से आयुष्मान आरोग्य मंदिर मोगीनंद में डेंगू जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिषा अग्रवाल ने की।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को डेंगू के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह बीमारी एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। उन्होंने तेज सिरदर्द, बदन दर्द और तेज बुखार को डेंगू के मुख्य लक्षण बताया और लोगों को सचेत किया कि बुखार होने पर तुरंत खून की जांच करवाएं तथा अपनी मर्जी से घर पर कोई भी दवा न लें।
उन्होंने विशेष रूप से चेतावनी दी कि डेंगू के लक्षणों में एस्परीन और इबुप्रोफेन का सेवन बिल्कुल भी न करें, बल्कि इसके स्थान पर मरीज को लगातार नारियल पानी और ओआरएस का घोल देते रहें। इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने डेंगू से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के अंदर और बाहर पूरी साफ-सफाई रखें तथा फूलदान और फ्रिज की ट्रे को हफ्ते में एक बार जरूर साफ करके सुखाएं। इसके साथ ही उन्होंने घर के बाहर रखी पानी की टंकियों को ढककर रखने, पूरी बाजू के कपड़े पहनने, घर से बाहर जाते समय हाथ-पैरों पर ओडोमॉस क्रीम लगाने और मच्छरों से बचाव के लिए घरों में ऑल आउट का प्रयोग करने की सलाह दी। कार्यक्रम में डॉ. सौरभ मिन्हास, डॉ. जयंत, सीएचओ नीना, स्वास्थ्य कर्मचारी, क्षेत्र की आशा वर्कर, हिमालयन ग्रुप के छात्र और कई स्थानीय लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
वहीं, इसके बाद एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान 15 युवतियों का वेक्सीनेशन भी किया गया। अभिभावकों से अपील की गई कि वह अपनी किरोरियों का वेक्सीनेशन अवश्य करवाएं।
संवाद