सिरमौर में डेंगू के एक साथ आए 29 नए मामले
स्क्रब टायफस के भी मिले चार नए मरीज, लोगों में हड़कंप
डेंगू की संख्या पहुंची 516, स्क्रब के रोगी भी 200 के पार
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में डेंगू अब डराने लगा है। ऐसे मामलों में रोजाना बढ़ोतरी हो रही है। एक हफ्ते पहले जिले में 10 से 15 मरीज औसतन मिल रहे थे। पिछले चार दिन से डेंगू के रोजाना 20 से ज्यादा मामले एक साथ सामने आ रहे हैं। ऐसे में लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
बुधवार को जिले में डेंगू के एक साथ 29 नए मरीज मिले तो स्क्रब टायफस के भी 4 नए मामले मिले। अबतक जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 516 पहुंच गई है। जबकि स्क्रब टायफस के मामले भी 200 का आंकड़ा पार कर चुके हैं।
इन दोनों वैक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम नजर नहीं आ रही है। डेंगू के साथ-साथ स्क्रब टायफस के बढ़ रहे मामलों ने भी स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्क्रब टायफस के मामले जिले के ऊपरी इलाकों से मिल रहे हैं तो निचले और मैदानी इलाकों में डेंगू ने कहर मचा दिया है।
डेंगू के अधिकतर मामले नाहन शहर के साथ-साथ पांवटा साहिब और कालाअंब आदि निचले इलाकों से मिल रहे हैं। मेडिकल काॅलेज नाहन में रोजाना 150 से ज्यादा बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें कई मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो रही है। मेडिकल काॅलेज के अलावा जिले के अन्य अस्पतालों में भी मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. अजय पाठक ने बताया कि बुधवार को डेंगू के 29 और स्क्रब टायफस से 4 नए मामले आए हैं। उन्होंने बताया कि लगातार डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को ज्यादा से ज्यादा सावधानी और अपनी सेहत पर ध्यान रखने की जरूरत है।
...
नाहन शहर में जगह-जगह फाॅगिंग
डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बीच नगर परिषद ने बुधवार को भी नाहन शहर के विभिन्न हिस्सों में फाॅगिंग करवाई। नवोदय स्कूल नाहन के आसपास नगर परिषद के कर्मियों ने फाॅगिंग की। इसके साथ-साथ एचआरटीसी वर्कशॉप और इसके आसपास के हिस्सों व शहर की गलियों में फाॅगिंग करवाई।
सफाई निरीक्षक सुलेमान खान ने बताया कि नगर परिषद की ओर से निरंतर फाॅगिंग का काम चलाया जा रहा है। रोजाना तंग रास्तों व गलियों में भी फाॅगिंग की जा रही है। वहीं शहर में गाड़ी के माध्यम से भी फाॅगिंग कराई जा रही है।