मेडिकल कॉलेज के पास नो-पार्किंग जोन और सड़क चौड़ीकरण की उठाई मांग
एचपीएसईबीएल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की नाहन में हुई मासिक बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। । एचपीएसईबीएल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन नाहन इकाई की मासिक बैठक शनिवार को नाहन में हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान ई. शमशेर सिंह ठाकुर ने की। बैठक में बिजली बोर्ड के पेंशनभोगियों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर महासचिव कमलेश पुंडीर ने बोर्ड प्रबंधन से मांग की कि पंजाब के पेंशनरों की तर्ज पर हिमाचल के पेंशनभोगियों को भी उनके लंबित वित्तीय लाभ प्रदान किए जाएं। उन्होंने चिकित्सा भत्ते में 400 रुपये की वृद्धि के बकाये, 9300 रुपये सहित विभिन्न एरियरों का भुगतान शीघ्र करने की मांग उठाई। साथ ही फैमिली पेंशनरों को चिकित्सा संबंधी विसंगतियों से राहत देने और 65, 70, 75 व 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनरों को मिलने वाले वित्तीय लाभ समय पर लागू करने की भी वकालत की गई।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एचआरटीसी बसों में सम्मान कार्ड सुविधा को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग भी उठी। वक्ताओं ने कहा कि कई रूटों पर सम्मान कार्ड स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं, जिससे बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कार्ड नवीनीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने और परिचालकों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की। इस दौरान नाहन बस स्टैंड और मेडिकल कॉलेज के आसपास की व्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त की गई।
उन्होंने कहा कि नए बस स्टैंड परिसर में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है, जिससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और वृद्धजनों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। वहीं मेडिकल कॉलेज नाहन के समीप तीखे मोड़ पर वाहनों की पार्किंग से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। एंबुलेंस सहित आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। एसोसिएशन ने बस अड्डे में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मेडिकल कॉलेज के पास नो-पार्किंग जोन घोषित करने तथा गुन्नूघाट से ऊपर चढ़ाई वाले तीखे मोड़ को चौड़ा करने की मांग रखी।
इस अवसर पर हरीश, गोबिंद सिंह, सत्यपाल पुंडीर, अश्वनी गौतम, सेवा राम पुंडीर, सोहन लाल सैनी, विनोद ठाकुर, रामचंद, सुशील कुमार, अनंत प्रकाश, भूप सिंह, मोहन लाल, धर्मपाल वर्मा, जय प्रकाश, मानचंद, अब्दुल खालिक, मदन लाल, हरिदत्त शर्मा, हजारी सिंह और बाबूराम अत्री मौजूद रहे।