पांवटा साहिब शहरी क्षेत्र के बाहर यमुना नदी किनारे मार्ग तैयार होने से हादसे होंगे कम
सरकार-प्रशासन गंभीरता दिखाए तो राजस्व दोगुना हो सकेगा
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। चार साल पहले पांवटा साहिब शहरी क्षेत्र के बाहर यमुना नदी के किनारे से सड़क बनाने की योजना ठंडे बस्ते में है। राज्य सरकार, लोक निर्माण विभाग, प्रशासन व खनन विभाग इस मुद्दे को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। यदि योजना सिरे चढ़ जाती है तो राज्य सरकार को मिलने वाला राजस्व दोगुना हो सकता है। शहरी व ग्रामीण भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से बाहर मार्ग बनने से हादसों का ग्राफ भी कम होगा।
बता दें कि करीब चार साल पहले तत्कालीन एसडीएम पांवटा साहिब विवेक महाजन ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर इस समस्या का समाधान निकालने के प्रयास शुरू किए थे। इसके बाद भगानी नवादा, मानपुर देवड़ा से लेकर पांवटा यमुना पुल तक नदी के किनारे अलग संपर्क मार्ग बनाने की योजना का काम शुरू हुआ। शहरी क्षेत्र और साथ लगती पंचायतों से गुजरने वाले भारी वाहनों से सड़क हादसों के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए अलग संपर्क मार्ग बनाने के लिए यह योजना बनाई गई थी।
पांवटा साहिब क्षेत्र में नदियों के आसपास क्रशर व्यवसाय खूब चलता है। यहां से खनन सामग्री उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा तक वाहन में ले जाते हैं। हरिपुर टोहाना के समीप चार वर्ष पहले एक हादसे में गिरिपार निवासी एक नौजवान बाइक सवार की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। शिवपुर व रामपुरघाट मार्ग पर ट्रक-ट्रालों के हादसों में कई बार स्थानीय लोग अपनी जान गवां चुके हैं। इसलिए करीब चार वर्ष पहले से जिला प्रशासन ने रात को 9 से सुबह 5 बजे तक रेत-बजरी और क्रशर की सामग्री ढोने वाले वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित किया है।
सिरमौर क्रशर संघ के अध्यक्ष मदन मोहन शर्मा का कहना है कि नदी किनारे वैकल्पिक मार्ग बनना जरूरी है। जिला खनन विभाग ने वर्ष 2024-25 में 54.86 करोड़ राजस्व राशि प्राप्त की। यदि वैकल्पिक मार्ग की योजना सिरे चढ़ती हैै तो दिन के समय भी भारी वाहन निर्माण सामग्री लेकर जा सकते हैं। इससे प्रदेश सरकार व खनन विभाग को मिलने वाली राजस्व भी दोगना हो सकता है। भीड़भाड़ वाले रिहायशी क्षेत्रों से बाहर यमुना नदी किनारे मार्ग बनने से हादसों का ग्राफ भी कम होगा।
बाक्स...
बैठक में होगा मंथन : एसडीएम
एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने कहा कि वैकल्पिक मार्ग मुद्दे को लेकर शीघ्र बैठक आयोजित होगी। इसमें यमुना नदी किनारे वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा।
वैकल्पिक मार्ग योजना पर विचार होगा : उद्योग मंत्री
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस महत्वपूर्ण योजना पर विचार किया जाएगा। शहरी व ग्रामीण भीड़भाड़ वाले क्षेत्र के बाहर नदी किनारे वैैकल्पिक मार्ग तैयार करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।