चिट्टे की गिरफ्त में आए लोगों के लिए मेडिकल कॉलेज में लगे विशेष ओपीडी
ड्रॉप्स ऑफ होप सोसायटी ने विधायक अजय सोलंकी को पत्र देकर उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। चिट्टा एवं अन्य नशे की गिरफ्त में आए लोगों के लिए अस्पतालों में विशेष ओपीडी लगाने की मांग उठी है। ड्रॉप्स ऑफ होप सोसायटी की ओर से इस बारे में स्थानीय विधायक अजय सोलंकी को मांग पत्र सौंपा गया है। सोसायटी ने मेडिकल कॉलेज नाहन में सप्ताह में एक दिन खासकर चिट्टा से ग्रसित लोगों के लिए विशेष ओपीडी का प्रावधान करने का आग्रह किया है।
सोसायटी के संचालक ईशान राव ने बताया कि जिला मुख्यालय समेत अन्य इलाकों में चिट्टे के दर्जनों मामले सामने आ चुके हैं। इसमें युवा वर्ग अधिक है। चिट्टे की लत को छुड़ाने और इससे ग्रसित युवाओं के उपचार को लेकर मेडिकल कॉलेज नाहन में विशेष ओपीडी का प्रावधान किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस बारे में स्थानीय विधायक अजय सोलंकी को मांग पत्र दिया गया है। उम्मीद है जल्द ही मेडिकल कॉलेज में व्यवस्था होगी।
बता दें कि सिरमौर जिले के थाना चौकियों में दूसरे-तीसरे दिन चिट्टे के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार इसमें सबसे अधिक युवा वर्ग शामिल हैं। इनमें कुछ सप्लायर हैं तो कई नशे के आदी हैं। मेडिकल कॉलेज समेत अन्य अस्पतालों विशेष ओपीडी लगाकर युवाओं को इस लत से बाहर निकलने के लिए प्रयास किए जा सकते हैं।
..संवाद