अनदेखी का शिकार हो रही ऐतिहासिक दिल्ली गेट की इमारत
इमारत बदहाल, कहीं प्लास्टर उखड़ा हुआ तो कहीं लगे इस्तिहार
संवाद न्यूज एजेंसी
अजय धीमान
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में ऐतिहासिक धरोहरों की अनदेखी की जा रही है। जिला प्रशासन से लेकर नगर परिषद ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा और उनको नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
नाहन की पहचान दिल्ली गेट इमारत से होती है लेकिन ऐतिहासिक इस धरोहर की हालत दयनीय है। इमारत का कई जगह से प्लास्टर उखड़ चुका है, बचे हुए हिस्से पर इस्तिहार लगे हुए हैं।
जो लोग इस इमारत को नुकसान पहुंचा रहे हैं नगर परिषद उनके खिलाफ कार्रवाई के नाम पर मूकदर्शक बनी हुई है। पिछले तीन साल से इमारत के उखड़े प्लास्टर को भरने के लिए भी नगर परिषद ने कोई कदम नहीं उठाया है।
स्थानीय लोगों में प्रदीप मल्होत्रा, नवीन कश्यप, कश्मीर सिंह ने कहा कि दिल्ली गेट इमारत एक ऐतिहासिक इमारत है लेकिन इस इमारत का हर दिन अपमान किया जाता है। इमारत की दीवारों पर लोग गुटके व पान खाकर थूकते हैं। इसी तरह इमारत के उखड़े प्लास्टर व इस पर इस्तिहार लगाने वालों पर कार्रवाई नहीं होती है।
-बाक्स-
हिदायत का बोर्ड गायब
नाहन दिल्ली गेट पर कुछ अरसा पहले एक बोर्ड होता था। इस बोर्ड पर एक सूचना प्रकाशित थी कि दिल्ली गेट इमारत को नुकसान व इस पर इस्तिहार लगाने वालों पर जुर्माने के तौर 11 हजार रुपये लिए जाएंगें लेकिन इमारत पर इस्तिहार लगाने वाले लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई उल्टा हिदायत का बोर्ड ही हटा दिया गया।
बाक्स
यह है इमारत का इतिहास
इस इमारत का निर्माण महाराजा शमशेर प्रकाश ने सन 1877 में भारत के वायसराय लार्ड लिंटन के नाहन आगमन की स्मृति में किया गया था। इस स्थान पर जनता की सुविधा के लिए प्रतिदिन दोपहर 12 बजे समय अवगत करवाने के लिए तोप चलाने की प्रथा थी। इस द्वार पर महाराजा सुरेंद्र प्रकाश ने सन 1902 में घंटाघर का निर्माण कर चार घड़ियां स्थापित कीं। इन घड़ियों में प्रत्येक 15 मिनट के उपरांत अलग-अलग ध्वनियां बजती थीं। इनकी मधुर ध्वनि दूर-दूर तक सुनाई देती थी लेकिन बाद में यह भी बंद हो गई, अब मात्र यहां घड़ी चलती है।
नगर परिषद की अध्यक्ष श्यामा पुंडीर ने कहा कि इमारत में उखड़े प्लास्टर को ठीक किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐतिहासिक इमारत का सम्मान करें और इसे नुकसान न पहुंचाएं।
नाहन की ऐतिहासिक धरोहर लिंटन मेमोरियल , दिल्लीगेट। संवाद
नाहन की ऐतिहासिक धरोहर लिंटन मेमोरियल , दिल्लीगेट। संवाद