वाहन हो रहे हादसे का शिकार, गढ्डे से वाहन गुजरने पर गंदा पानी राहगीरों पर गिर रहा
संवाद न्यूज एजेंंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून से पांवटा एनएच-सात पर विश्वकर्मा चौक के पास सड़क पर बड़ा गढ्डा बन चुका है, जिससे दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। वहीं, पुरानी सीवरेज लाइन की पाइप टूटने से इस गढ्डे में गंदा पानी इकट्ठा हो रहा है। इन दिनोंं होला मोहल्ला पर्व के चलते विभिन्न राज्यों से संगतें पहुंच रही हैं। इस गढ्डे से वाहन गुजरने पर गंदा पानी राहगीरों पर गिर रहा है। स्थानीय निवासी इमरान अंसारी, पंकज भटनागर, स्वाति, मनिंदर सिंह, एसएस गुप्ता, निखिल कपिल, भरत राणा, विक्रम और रजिया ने बताया कि काफी समय से विश्वकर्मा चौक के पास अग्रवाल स्पोट् र्स शॉप के ठीक सामने सड़क बुरी तरह टूट गई है। इस स्थल पर सीवरेज की पुरानी लाइन में लीकेज हो रही है। इस गढ्डे में गंदा पानी भरने से और भी दिक्कतें आ रही हैं। एनएच-सात से क्रशर और अन्य सामग्री से लददे ट्रक-ट्रालेे निकलते हैं। इस कारण टूटी सड़क पर गढ्डा बन गया है, जो धीरे-धीरे खतरनाक रूप ले रहा है। इस स्थल पर कई दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो चुके हैं। दोपहिया वाहन तो यहां पर गिर ही रहे हैं, वहीं कई बार तेज रफ्तार से कोई बड़ा वाहन गुजरता है तो गढ्डे से गंदा पानी राहगीरों पर जा गिरता है। क्षेत्रवासियों ने एनएच प्राधिकरण से समय रहते इस स्थल पर सड़क की मरम्मत करवाने का आग्रह किया है, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से बचा जा सकें।
गढ्डे को भरवा दिया जाएगा
नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कनिष्ठ अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि इस बारे में जल शक्ति विभाग अधिकारियों से बात की गई है। सीवरेज लाइन ठीक करवाने के बाद इस स्थल पर बने गढ्डे को भरवा दिया जाएगा, जिससे आवागमन में वाहनों को हो रही दिक्कतें दूर हो सकेंगी।