उपायुक्त ने सर्दी के मौसम से संबंधित तैयारियों को लेकर विभागाध्यक्षों और उपमंडल अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बुधवार को जिले के सभी विभाग प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित कर सर्दियों की तैयारियों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिले के सभी उपमंडलाधिकारी और खंड विकास अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।
उन्होंने जिले के अधिकारियों को हिमस्खलन और भारी बर्फबारी वाले क्षेत्रों में मानव संसाधन, मशीनरी और अन्य आवश्यक सामग्री की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग मौसम की चुनौतियों के लिए तैयार रहें तथा आवश्यक तैयारियों को समय रहते पूर्ण कर लें।
उन्होंने बताया कि उपमंडल संगड़ाह के अन्तर्गत आने वाले धार्मिक पर्यटन स्थल चूड़धार में संभावित बर्फबारी व सर्दियों के मौसम के चलते धार्मिक यात्रा व अन्य पर्यटन गतिविधियों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उन्होंने उपमंडलाधिकारी संगड़ाह को निर्देश दिए कि वह चूड़धार जाने वाले यात्रियों और ट्रैकर्स पर कड़ी नजर रखें तथा इस बारे में स्थानीय स्तर पर आवश्यक जागरूकता लाने के प्रयास करें।
उन्होंने सभी उपमंडलाधिकारियों को सर्दियों की तैयारियों और प्रतिक्रिया के दौरान कुशल समन्वय के लिए उपमंडल स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए तथा नामित नोडल अधिकारियों के नाम दूरभाष सहित जिला आपदा प्रबंधन को उपलब्ध करने के लिए कहा।
उपायुक्त ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को उन क्षेत्रों में पर्याप्त राशन और ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा जहां बर्फबारी और सड़क अवरोध के कारण सर्दी के मौसम में संपर्क कट जाता है। उन्होंने विद्युत, जलशक्ति, दूरसंचार व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से ऐसे क्षेत्रों में सड़क, दूरसंचार, बिजली व पानी जैसी आवश्यक बुनियादी व्यवस्था सुचारू रखने तथा समय रहते अपने संसाधनों की तैनाती करने के लिए कहा ताकि आवश्यकता पड़ने पर समयबद्ध तरीके से बहाली का काम किया जा सके।
उपायुक्त ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि सचेत ऐप पर उपलब्ध प्राकृतिक आपदाओं तथा दैनिक मौसम संबंधी जानकारियों का अनुसरण करें।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि दूरदराज के क्षेत्रों में आवश्यक दवाइयों व अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करें।
जिला आपदा प्रबंधन (डीडीएमए) की समन्वयक अनीता ठाकुर ने बैठक का संचालन करते हुए सर्दियों की तैयारियों संबंधी मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एलआर वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) योगेश रोल्टा, सहायक आयुक्त विकास एवं खंड विकास अधिकारी नाहन डॉ. अंजलि गर्ग, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
......संवाद