समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू(सिरमौर)। दयानंद आदर्श विद्या निकेतन (डीएवीएन) पब्लिक स्कूल ददाहू में मंगलवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यातिथि प्रतिष्ठित व्यवसायी जयपाल गर्ग ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जबकि प्रो. रमेश कुमार व सेवानिवृत्त भाषा अध्यापक वीर सिंह ठाकुर वशिष्ठ अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
सर्वप्रथम नौवीं व दसवीं की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। इसके बाद तमन्ना शर्मा ने मनवा लागे लागे रे सांवरे.., गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। तीसरी कक्षा की छात्राओं ने चीटे सूट पे दाग पे गए.., और आई हो कहां से गौरी आंखों में प्यार लेके.., गीतों पर नृत्य पेश किया। कन्या के जन्म पर लोगों की मानसिकता को दर्शाती लघु नाटिका को सभी ने पसंद किया। सातवीं कक्षा की अमाना व वैभविका ने मुझे लागी तेरी लगन.., पहाड़ी भजन और एलकेजी व यूकेजी के नन्हे बच्चों ने सबसे अच्छा कौन है, पापा मेरे पापा.., गीत पर सुंदर प्रस्तुति दी।
गोपेश ठाकुर ने नशे को जड़ से खत्म करने की प्रतिज्ञा ली। सौम्य तोमर ने एक डांस, नौवीं व दसवीं कक्षा के छात्रों ने नागिन डांस व मेरी झोहरा जंबी.., गीत पर ऐक्टिंग करके दर्शकों को खूब गुदगुदाया। पहली कक्षा की छात्राओं ने पहाड़ी लोक गीत ड्राइवरा ब्रेक मारजा.., पर नाटी की प्रस्तुति दी। अंत में आठवीं की छात्रों ने संस्कारों आधारित पर आधारित लघु नाटिका की मार्मिक प्रस्तुति से अभिभावकों को भावविभोर कर दिया।
इससे पूर्व प्रधानाचार्य धनेंद्र गोयल ने वार्षिक प्रतिवेदन पेश किया। अंत में मुख्यातिथि ने मेधावी बच्चे पुरस्कृत किए। इस मौके पर स्कूल की एमडी भावना गोयल, एसएमसी के अध्यक्ष इंद्रप्रकाश गोयल, उपाध्यक्ष रणबीर सिंह, ददाहू पंचायत की पूर्व प्रधान शकुंतला देवी, प्रो. नीलम अंगीरस व कन्या स्कूल के मुख्याध्यापक सुरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
-संवाद
डीएवीएन पब्लिक स्कूल ददाहू में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे। संवाद