सड़क किनारे कटाव और से बिगड़ा बस का संतुलन, चालक की सूझबूझ से टला हादसा
सड़क संकरी होने से दोपहिया वाहन चालकों को उठाना पड़ रहा जोखिम
पीडब्ल्यूडी ने जेई को मौके पर भेजकर खराब स्थानों की पहचान के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। गिरिपार के आंजभोज क्षेत्र को जोड़ने वाली डांडा-अंबोया-राजपुर संपर्क सड़क पर सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पांवटा साहिब-भड़ाना रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस सड़क किनारे हुए कटाव के कारण अनियंत्रित होकर पलटने की स्थिति में पहुंच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को संभाल लिया। गनीमत रही कि घटना के समय बस में कोई सवारी नहीं थी। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया।
डांडा से राजपुर तक सड़क की हालत लंबे समय से खस्ता है। जगह-जगह सड़क के किनारे कटाव हो चुका है और कई स्थानों पर सड़क की साइड कमजोर हो गई है। सोमवार को बस के साथ हुई घटना ने सड़क की बदहाली और विभागीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान सड़क पर खतरा और बढ़ जाता है।
अंबोया पंचायत के पूर्व प्रधान निशिकांत मेहता, बनौर पंचायत के पूर्व प्रधान चतर सिंह चौहान, समाजसेवी जय प्रकाश शर्मा, रणधीर सिंह, रणजीत पुंडीर, भीम सिंह और देवराज ने बताया कि डांडा से बनौर तक सड़क किनारे बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त नालियां नहीं हैं। पानी सीधे सड़क की साइड में बहने से जगह-जगह कटाव हो रहा है। ग्राम डांडा में कई स्थानों पर करीब दो-दो फीट तक सड़क किनारे कटाव हो चुका है।
स्थानीय लोगों अचल देव शर्मा, प्रवेश चौहान, दिनेश शर्मा और अरविंद सिंह ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण दोपहिया वाहन चालक भी जोखिम उठाने को मजबूर हैं। श्री पांवटा साहिब विकास मंच सहित ग्रामीण लंबे समय से सड़क की मरम्मत, कटाव रोकने और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग उठा रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पांवटा साहिब सूर्यकांत ने बताया कि सड़क की समस्या विभाग के संज्ञान में है। संबंधित कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजकर कटाव वाले और खराब स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खराब स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करवाया जाएगा।