गेयटी थियेटर शिमला में आयोजित बाल रंग मंच महोत्सव में मिला अवार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्रदेश के साहित्यकार और नाहन निवासी डॉ. दीनदयाल वर्मा की कहानी दादी.., के मंचन को गेयटी थियेटर शिमला में आयोजित बाल रंग मंच महोत्सव-2025 में श्रेष्ठ सर्वोत्तम प्रदर्शन अवॉर्ड प्रदान किया गया। इस नाटक पर मोनाल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बेस्ट एडॉप्शन और बेस्ट परफॉर्मेंस का खिताब अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में 19 विद्यालयों के 270 बच्चों ने भाग लिया और हिमाचल प्रदेश के 19 प्रख्यात लेखकों की कहानियों का चयन निर्देशक मंडल की ओर से किया गया। इसमें डॉ. दीनदयाल वर्मा की कहानी ‘दादी’ भी चयनित की गई थी।
प्रसिद्ध अभिनेता और रंग मंच विशेषज्ञ विनीत कुमार ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। निर्णायक मंडल और कोर टीम ने कहानी ‘दादी’ को बेस्ट एडॉप्शन और बेस्ट परफॉर्मेंस का खिताब प्रदान किया।
डॉ. दीनदयाल वर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय मोनाल पब्लिक स्कूल शिमला के प्रतिभागी कलाकार बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए दिया। साथ ही निर्णायक मंडल और कोर टीम के समस्त सदस्यों का भी आभार प्रकट किया है। बता दें कि कहानी दादी आधुनिक समाज और समय पर वृद्ध महिला के अंतर्मन द्वंद और पीड़ा की कहानी है जो किसी भी शहर और किसी भी मोहल्ले में घटित होती रहती है। दादी कहानी के माध्यम से लेखक ने परिवार में वृद्ध जनों को उचित मान सम्मान न मिलने और प्रेम से वंचित रह जाने की समस्या और पीड़ा को उजागर किया है। लेखक ने संयुक्त परिवार रखे जाने पर जोर दिया है।
-संवाद