‘तेरा लक न मरोड़ा खा जावे...’ की प्रस्तुति से बांधा समां
ददाहू स्कूल में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक समारोह
स्नेहा और प्रीति को मिला सर्वश्रेष्ठ छात्रा का खिताब
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू में बुधवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की धूम रही। इस अवसर पर जहां स्कूल के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके समां बांधा, वहीं शिक्षा व खेलों के क्षेत्र में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। स्कूल की छात्रा स्नेहा ठाकुर और प्रीति को सर्वश्रेष्ठ छात्रा के खिताब से नवाजा गया।
समारोह के मुख्यातिथि विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जबकि इसी स्कूल से शिक्षा ग्रहण करने वाले एनआरआई सुमित गुप्ता व राजकुमार शर्मा ने वशिष्ठ अतिथि के तौर पर शिरकत की।
सर्वप्रथम सरस्वती वंदना तेरा निरंतर ध्यान रहे से कार्यक्रम का आगाज किया गया। इसके बाद छठी व सातवीं कक्षा के छात्रों ने ‘तेरी बंशी रा नजारा’ गीत पर लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। संजना एंड पार्टी ने ‘तेरा लक न मरोड़ा खा जावे’ की प्रस्तुति पर पंजाबी गिद्दा की प्रस्तुति दी। महाभारत व रामायण के दर्शन की झलक दिखाते हुए ‘ये रामायण है पुण्य कथा श्रीराम की’ भजन से समां बांधा।
जमा एक की छात्रा मोनिका व हिमानी ने सोलो डांस के साथ-साथ ढोल जगीरो दा पर भंगड़ा प्रस्तुत किया। अर्नव एंड पार्टी ने ‘ओ देश मेरे तेरी शान पे सदके’ गीत से देशभक्ति का रंग भर दिया। वहीं शिवोम एंड पार्टी ने योग के हैरतअंगेज कर्तव्य दिखाएं।
आठवीं कक्षा के छात्रों ने तलवारों पर सवार दिए गीत पर नृत्य करके दर्शकों का दिल जीत लिया। जबकि नविता व सपना ने नृत्य प्रस्तुत करके समां बांधा। अंतिम प्रस्तुति में रेणुका माई ए महा माइये की प्रस्तुति पर लोक नृत्य मनभावन प्रस्तुत ने सभी का दिल जीत लिया।
इससे पूर्व विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य दीपराम शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ते हुए स्कूल के 105 वर्षों के गौरवमयी इतिहास पर प्रकाश डाला। मुख्यातिथि विनय कुमार ने बच्चों के अभिनय की सराहना करते हुए अपनी ऐच्छिक निधि से 11,000 रुपये की राशि स्कूल प्रबंधन को भेंट की। साथ ही स्कूल की क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत करवाने की घोषणा भी की।
इस दौरान स्कूल में अव्वल आने पर स्नेहा ठाकुर, आदित्य अग्रवाल, शिवानी, सुमित, शिवम अग्रवाल, सक्षम सूद, पीयूष, करण पुंडीर, प्रीति, कविता, विकास, कार्तिक, आयुष शुभम, तन्मय, सूरजपाल, सुजल अंशिका, आशिमा, बबीता व कौशिक सहित दर्जनों विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर तहसीलदार ददाहू राजेंद्र ठाकुर, मंडल अध्यक्ष तपेंद्र चौहान, महासचिव मित्र सिंह तोमर, पंचायत के प्रधान पंकज गर्ग, एसएमसी प्रधान सुनीता देवी व मनोज गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी गण्यमान्य लोग व अभिभावक मौजूद रहे।
रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति देते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू के विद्यार्थी। संवाद
रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति देते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू के विद्यार्थी। संवाद