संवाद न्यूज एजेंसी पुरूवाला (सिरमौर)। प्राचीन शिरगुल बिजट महाराज मंदिर धनला में शांत महायज्ञ अनुष्ठान के शुभारंभ पर महिलाओं ने निस्वार्थ सेवा और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। मंदिर परिसर के समीप लगे बड़े-बड़े मिट्टी के ढेरों को महिलाओं ने कड़ी धूप में उठाने के लिए दिनभर श्रमदान दिया। इसी मार्ग और समतल किए गए परिसर से आगामी दिनों में शिरगुल बिजट महाराज की पावन छड़ी और देव प्रवास का आयोजन होना है। धार्मिक आयोजन को सुचारु एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से महिलाओं ने बिना किसी स्वार्थ के पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सेवा कार्य में भाग लिया।
विज्ञापन
रक्षा देवी, चंद्रकला, उमा देवी, कौशल्या देवी, महिमा देवी, निर्मला देवी, राजीव, नरेश, सुनील, बारू दत्त आदि ने बताया कि शिरगुल बिजट महाराज के धनला मंदिर में सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य और आशीर्वाद के समान है। उन्होंने कहा कि देव कार्य में श्रमदान करना उनकी आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है।