नाहन शहर के कैंट क्षेत्र में दशहरा पर्व पांच दिन तक चलेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। देशभर में विजय दशमी यानी दशहरा पर्व की धूम रही। जिला सिरमौर में भी पर्व श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। नाहन शहर के कैंट क्षेत्र (छावनी) में शुरू हुआ दशहरा पर्व अगले पांच दिन तक चलेगा। इस क्षेत्र में रह रहे गोरखा समुदाय के लिए यह पर्व खास अहमियत रखता है।
दरअसल, रिसायतकाल से यहां बसे गोरखा समुदाय के लिए यह त्योहार दीपावली से कम नहीं है। पांच दिन तक चलने वाले इस पर्व के दौरान मेहमाननबाजी का दौर शुरू हो गया है। खासकर ससुराल पक्ष की ओर से अपने जमाइयों को घर पर आमंत्रित किया जाता है। उनकी खूब खातिरदारी की जाती है। गोरखा समुदाय के परिवारों के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति अपने परिजनों व रिश्तेदारों के माथे पर दही व चावल मिश्रित टीका लगाते हैं। मान्यता है कि बड़े बुजुर्गों की ओर से टीका लगाने की परंपरा आने वाली पीढ़ी को रिश्तों के सम्मान और आपसी मेल-जोल को कायम रखने का संदेश देती है।
इस पर्व को लेकर पहले नवरात्र पर बीजी गई खेत्री (जौ) को मंगलकामनाओं के साथ पुरुषों के कान पर रखा गया। महिलाओं ने खेत्री को अपने बालों में लगाया। पांचवें दिन खेत्री को जलप्रवाह करने के साथ ही पर्व संपन्न होगा।
गोरखा समुदाय में पांच दिन तक चलने वाला दशहरा इसलिए भी खास है, क्योंकि साल भर इंतजार के बाद परिवार व रिश्तेदार एक-दूसरे को अपने घर आने का निमंत्रण देते हैं, जिसमें कुटुंब के छोटे और बड़ों का मिलन होता है। गोरखा समुदाय से संबंध रखने वाली संगीता छेत्री, अजय जोशी और अजय कुमार ने बताया कि गोरखा समुदाय के लिए विजय दशमी का त्योहार विशेष महत्व रखता है।