सोमवती अमावस्या और संक्रांति को लेकर बढ़ सकता है श्रद्धालुओं का दबाव
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आगामी 15 जून को सोमवती अमावस्या और संक्रांति के मद्देनजर श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना को देखते हुए चूड़धार धाम प्रबंधन ने यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से 13 और 14 जून को प्रस्तावित यात्रा को यथासंभव स्थगित करने अथवा किसी अन्य तिथि पर निर्धारित करने की अपील की है।
प्रबंधन के अनुसार शनिवार और रविवार को प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चूड़धार पहुंच रहे हैं। लगातार बढ़ रही भीड़ के कारण ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ गया है। ऐसे में आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने पर यात्रियों को आवास, भोजन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
चूड़धार समिति के इंचार्ज बाबूराम ने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। प्रतिदिन बारिश और ओलावृष्टि हो रही है जिससे यात्रा मार्ग फिसलन भरे और जोखिमपूर्ण हो गए हैं। मौसम में अचानक बदलाव की स्थिति में श्रद्धालुओं की कठिनाइयां और बढ़ सकती हैं। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।