भाई दूज पर्व पर नौहराधार और चौरास में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
जौनसार से आए कलाकार अज्जू तोमर की प्रस्तुति ने बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में इन दिनों सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। बुधवार देर रात को नौहराधार और चौरास गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें हिमाचल व जौनसार के कलाकारों ने ऐसा समां बांधा कि लोग नाचने को विवश हो गए।
नौहराधार में उत्तराखंड जौनसार के प्रसिद्ध पहाड़ी कलाकार अज्जू तोमर ने खूब रंग जमाया। उनके गीतों पर लोग नाचते नजर आए। कार्यक्रम में चंडीगढ़ के व्यवसायी गगनदीप सिंह प्रिंस ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। पंचायत प्रधान राजेंदर सिंह, नवयुवक प्रधान अजय चौहान, अशोक ठाकुर ने मुख्य अतिथि को तलवार और लोईया से सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सबसे पहले राजेश मलिक, रोहनी डोगरा और सौरव अत्री ने अपने गीत पेश करके वाहवाही लूटी। इसके बाद जैसे ही स्टार कलाकार अज्जू तोमर स्टेज पर पहुंचे लोगों ने सीटियों से उनका स्वागत किया। उन्होंने अपनी एलबम का प्रसिद्ध गीत केई तू पाड़े रुला रे हो भाटो री बेलुये... सुनाया तो पूरा पंडाल नाच उठा। इसके बाद मोईदीए लाना घोरो दा गेरू आंगनो दा.., शोरूम पोडाओरा रे... आदि गीतों व हारुल से कार्यक्रम में जान फूंक दी।
चौरास गांव में प्रसिद्ध कलाकार दीपक चौहान ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपने गीतों से खूब रंग जमाया। स्थानीय कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी।
बता दें कि भाई दूज के अवसर पर गांव में विभिन्न प्रकार के सिरमौरी व्यंजन बनाए जाते हैं। यहां हर घर में असकली पटांडे, असकली, तेलपाकी आदि बनाए जाते हैं जिसका मेहमान लोग खूब आनंद उठाते हैं। इसी दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होता है।