नाहन (सिरमौर)। धनतेरस की शुभ बेला पर शुक्रवार को जनपद सिरमौर के विभिन्न बाजारों में रौनक रही। बर्तन, ज्वेलर्स की दुकानों में ऐसी भीड़ थी कि तिल धरने तक की जगह नहीं थी। गाड़ी, बर्तन और ज्वेलर्स शॉप के अलावा गाड़ी-बाइक के शोरूम, मिठाइयों, ड्राई फ्रूटस, कपड़ों और फर्नीचर की दुकानों में भी ठीकठाक कारोबार हुआ है। एक दिन में पूरे जिले में 20 से 22 करोड़ रुपये तक का कारोबार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
धनतेरस पर सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। विभिन्न बाजारों में पहुंचकर लोगों ने जमकर खरीदारी की। विशेषकर पांवटा, कालाअंब, ददाहू, नाहन, सराहां, राजगढ़, राजपुर, सतौन, शिलाई, नौहराधार, हरिपुरधार, संगड़ाह आदि बाजारी में धनतेरस पर रौनक रही। पांवटा के टू व्हीलर शो रूमों में धनतेरस के अवसर पर लोगों ने स्कूटी एवं बाइक की जमकर खरीदारी की। पूरे जिले में लगभग 350 बाइक और स्कूटी पहले ही लोगों ने बुक कर रखी थी। जबकि कुछ और ग्राहक भी खरीदारी को पहुंचे। धनतेरस पर रियल एस्टेट का कारोबार भी शानदार रहा। धनतेरस एवं दिवाली के लिए जिले में फ्लेट की भी बुकिंग की सूचना है।
हौजरी कारोबारी राकेश के अनुसार धनतेरस पर दुकानों में ठीकठाक भीड़ रही। सुबह से लोग खरीदारी को पहुंच रहे थे। उनके अनुसार हालांकि पिछले साल की अपेक्षा इस साल कारोबार में कुछ कमी आई है। इसकी वजह ऑनलाइन बुकिंग भी हुई।
उधर, कपड़ों की दुकानों में महिलाओं का तांता लगा रहा। महिलाओं ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक सूट और अन्य सामान खरीदा। चूड़ियों की भी ठीकठाक बिक्री हुई।