राजपुर (सिरमौर)। खोदरी माजरी पंचायत में शराब के ठेके को बंद करने के लिए पांच दिनों से जारी ग्रामीण महिलाओं का धरना प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान महिलाओं ने प्रशासन व सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की। महिलाओं द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन को देखते हुए क्षेत्र के विधायक चौधरी किरनेश जंग ने भी उनसे मुलाकात की। विधायक ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि ठेके को क्षेत्र में किसी भी कीमत पर नहीं खुलने दिया जाएगा।
गौरतलब हो कि खोदरी माजरी उत्तराखंड राज्य की सीमा से सट्टा क्षेत्र है। अधिकतर बाहरी राज्यों के लोग यहां शराब पीकर हुड़दंग मचाते हैं। शाम के वक्त जगह-जगह पर शराबियों के झुंड मिलते हैं, जिससे वहां पर स्थानीय लोगों का रहना बड़ा मुश्किल हो गया है। यही कारण है कि क्षेत्र की महिलाओं को ठेके के विरोध में प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारी निशा, रीना, शीला, गुरमीतो, दर्शनी, बेला, संतोष, करण, सुरेंद्र, बलदेव, रामकिशन, विजय, सुरेश, भगत, नैन सिंह, प्रेम आदि लोगों ने बताया कि खोदरी माजरी पंचायत में बने शराब के ठेके में शराब पीने लोग उत्तराखंड से आते हैं। शराब पीकर गाली-गलौच करते हैं। महिलाओं ने बताया कि लोग शराब पीकर गांव की लड़कियों व बहुओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं, जिसकी वजह से घर से निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया और ठेका खुलवा दिया जिसे बंद करवाने के लिए अब उन्हें ही विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
----