कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक नगरी कालाअंब में चल रहे उद्योगों में ऑपरेटरों को काम नहीं मिलने पर ट्रक ऑपरेटरों और उद्योगपतियों में ठन गई है। ऑपरेटरों का आंदोलन जारी है जिससे कालाअंब में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। ट्रक ऑपरेटरों पर कथित तौर पर गाड़ियां रोकने और धमकी देने के भी आरोप लगे हैं। कालाअंब थाना में इस मामले को लेकर बाकायदा दो एफआईआर दर्ज हुई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कालाअंब क्षेत्र में लगभग एक दर्जन अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
कालाअंब क्षेत्र में लगभग 500 छोटे-बड़े उद्योग खुले हैं जहां से विभिन्न राज्यों को माल ढुलाई हो रहा है। द मारकंडा मिनी ट्रक ऑपरेटरों के करीब 250 ट्रक हैं जिन्होंने काम नहीं मिलने पर आंदोलन का रुख अपनाया हुआ है। दोनों पक्षों की तनातनी के बीच अब ट्रक ऑपरेटरों पर दो एफआईआर दर्ज हुई हैं।
कालाअंब थाना में ऑपरेटरों पर दो एफआईआर दर्ज हुई हैं। जय मां ट्रांसपोर्ट कंपनी के अधिकारी दिनेश कुमार की शिकायत पर ऑपरेटरों के खिलाफ कालाअंब थाना में भादंसं की धारा 451, 147,149, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिनेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि इसके कार्यालय में कालाअंब यूनियन के 70-80 लोग आए जिन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। जबकि अंबा शक्ति कालाअंब के दिनेश कुमार की शिकायत पर भी पुलिस ने भादंसं की धारा 341, 147, 149, 504, 506, 323 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इनकी कंपनी से ठाकुर ट्रांसपोर्ट की गाड़ी माल लेकर हमीरपुर जा रही थी जिसे ड्राइवर बनारसी दास चला रहा था, तो नीलकंठ कांटे के पास 7-8 लोगों ने गाड़ी को रोककर वहां गाड़ी खड़ी करने से मना किया व इसके साथ गाली गलौच किया। मारपीट करने के साथ उसे धमकी भी दी र्गइं। एसएचओ जोगिंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
---
बॉक्स के लिए-----
क्या कहते हैं ट्रक ऑपरेटर
द मारकंडा ट्रक ऑपरेटर यूनियन कालाअंब के प्रधान संजीव राणा का कहना है कि उद्योगों में स्थानीय लोगों की मांगों को दरकिनार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों को काम न देकर बाहरी लोगों को तबज्जो दी जा रही है। ऑपरेटरों को आपस में लड़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन पर जो एफआईआर की गई है वह एक षड्यंत्र है। उद्योग करीब पांच-छह पंचायतों में लगे हैं, जबकि कार्य महज दो-तीन पंचायतों के लोगों को देने की बात कर चैंबर ऑफ कॉमर्स के लोग यूनियन को तोड़ने के प्रयास कर रहे हैं जो होने नहीं दिया जाएगा।
---
क्या कहते हैं चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी
चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव रोहित सूरी ने बताया कि वह स्थानीय ऑपरेटरों का काम देने के लिए तैयार हैं लेकिन, ऑपरेटर प्रशासन के पास ट्रक ऑपरेटरों की सूची तो दें। कालाअंब और त्रिलोकपुर के ऑपरेटरों को काम देने को वह राजी है लेकिन इससे बाहर के ऑपरेटरों को काम कैसे दिया जा सकता है। कई गाड़ियां बाहर की भी हैं।