पांवटा साहिब(सिरमौर)। रामपुरघाट-पांवटा मार्ग पर चल रहे ट्रकों को रोकने पर विवाद पैदा हो गया है। कुछ ग्रामीणों ने क्रशर से लोड होकर ट्रकों को रोका जिसके बाद वाहन चालक की शिकायत पर ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।
बता दें कि पिछले सप्ताह से क्रशर से रेत बजरी ढोने वाले वाहनों से ग्रामीणों ने ऐतराज जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि ओवर लोडिंग से मार्ग को क्षति पहुंच रही है। अकसर हादसे का खतरा भी बना रहता है। पंचायत में प्रस्ताव पारित कर, इसकी शिकायत पंचायत प्रतिनिधियों ने एसडीएम व डीएसपी पांवटा को भी कर दी थी। कहा जा रहा कि, रविवार देर शाम को कुछ ग्रामीणों ने करीब आधा दर्जन वाहन रोक लिए।
शिकायतकर्ता उत्तराखंड विकासनगर के शाहपुर निवासी ट्रक चालक रवि कुमार ने कहा कि क्रशर से रेत बजरी भर कर देहरादून की तरफ जा रहे थे। कुंजा मतरालियों के पास करीब 10-15 लोगों ने रास्ता रोक लिया। ग्रामीणों ने कहा कि रेत बजरी ओवर लोड भरी हुई है। आधा दर्जन वाहनों को सड़क पर रोक लिया गया। वाहन चालकों के साथ हाथापाई के बाद विवाद काफी बढ़ गया। वाहन चालक ने रास्ता रोक कर मारपीट करने का मामला दर्ज करवा दिया है।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि ट्रक चालक रवि कुमार की तरफ से शिकायत दर्ज हुई है जिसके बाद वसीम, रणबीर, जयविंद्र, गुलजार व रंगा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों पर आईपीसी की धारा-341, 323 व 147 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।