धनघटा क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी के घर में घुस कर रविवार की शाम को उसके गांव का ही एक युवक जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध पर किशोरी के कपड़े फाड़ दिए। शोर मचाने पर युवक भाग निकला। पीड़िता की मां ने आरोपी युवक के खिलाफ सोमवार को छेड़छाड, दलित उत्पीड़न एवं पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी।
पीड़िता की मां का आरोप है कि उसकी 12 वर्षीय बेटी रविवार की शाम घर पर अकेली थी। परिवार के अन्य लोग खेत में काम करने चले गए थे। बेटी को अकेली घर पर देख कर गांव का ही जितेंद्र उसके घर में घुस गया और जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा। अपने बचाव में बेटी जब शोर मचाने की कोशिश की तो युवक उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और चाकू के बल पर जबदस्ती करने लगा। विरोध पर आरोपी ने बेटी के कपड़े भी फाड़ डाले।
किसी तरह बेटी ने शोर मचाया तो बगल का एक युवक मौके पर पहुंच गया, जिसे देखते ही आरोपी भाग निकला। एसओ एम पी चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता की मां ने जितेंद्र नामक आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड, दलित उत्पीड़न और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी जितेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।