पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा में शमशेरपुर के समीप खड़े ट्रक में अचानक आग भड़क गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड टीम को सूचित कर दिया जिससे आग पर काबू पाया गया, लेकिन आग से गाड़ी के कैबिन जलने से एक लाख से अधिक क्षति बताई जा रही है।
सोमवार देर रात को पांवटा के शमशेरपुर में एक ट्रक में अचानक आग भड़क गई। हालांकि उस समय ट्रक में कोई नहीं था। वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रक के चालक राजू सोलन के दाड़लाघाट से सीमेंट भरकर पहुंचा। शमशेरपुर में एक फर्म के पास सुबह सीमेंट खाली होना था। देर रात को ही ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर चालक खाना खाने चला गया। इस बीच कुछ लोगों ने देखा की ट्रक से धुआं उठ रहा है। कुछ ही समय में कैबिन से आग की लपटें दिखने लगीं।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस थाने व फायर ब्रिगेड स्टेशन को सूचित कर दिया। आसपास के लोग खुद भी आग पर काबू पाने को जुट गए। मालवा काटन के समीप से फायर ब्रिगेड स्टेशन से टीम मौके पर पहुंची। गाड़ी में लगी आग पर काबू पा लिया लेकिन इससे पहले ट्रक का कैबिन जलकर राख हो चुका था। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने बताया कि शुरूआती जांच से आगजनी का कारण शार्ट सर्किट लगता है।
उधर, अग्निशमन केंद्र पांवटा के फायर आफिसर चरनजीत सिंह ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि गाड़ी का कैबिन जल गया लेकिन मौके पर पहुंच कर आग को फैलने से बचा लिया गया। आगजनी से ट्रक को करीब एक लाख से अधिक क्षति आंकी गई है।